रियो डी जेनेरियो, 28 जुलाई (आईएएनएस)। साओ पाउलो के लिए खेलने वाले स्ट्राइकर एलेक्सजेंडर पातो ने यूरोप लौटने की इच्छा जाहिर की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, पातो अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को नया आयाम देना चाहते हैं और इसी कारण वह यूरोप जाना चाहते हैं।
पातो को एक समय फुटबाल के सबसे प्रभावशाली स्ट्राइकरों में से एक माना जाता था। इस खिलाड़ी ने 2007 से 2015 तक एसी मिलान के लिए 117 मैचों में 51 गोल किए।
बीते पांच सीजन से हालांकि पातो पर चोट और खराब खेल का साया मंडरा रहा है। इसी कारण 2014 विश्व कप के लिए वह ब्राजीली टीम में जगह नहीं बना सके थे।
पातो ने इस साल साओ पाउलो के लिए 17 गोल किए हैं और सात गोल करने में अपने साथियों की मदद की है।
वह लोन पर आधारित करार के तहत दो साल के लिए साओ पाउलो में हैं। मूल रूप से वह कोरिंथियंस के खिलाड़ी हैं।
dharmpath.com dharmpath