‘जांनिसार’ में अमिताभ, नसीरुद्दीन को लेने की थी योजना

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। ‘उमराव जान’ जैसी यादगार फिल्म के निर्देशक मुजफ्फर अली अपने निर्देशन की आगामी फिल्म ‘जांनिसार’ में एक भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि पूर्व में उनकी योजना इस भूमिका के लिए अमिताभ बच्चन या नसीरुद्दीन शाह को लेने की थी।

मुजफ्फर अली ने यहां कहा, “पटकथा की मांग के अनुसार, एक ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी, जो मेरे जैसा दिखता हो। हम नसीर और अमिताभ पर विचार कर रहे थे, लेकिन दोनों के पास समय नहीं था। यह हमारे मुताबिक था, लेकिन उनके मुताबिक, हमें वे शायद दो साल बाद समय दे पाते।”

मुजफ्फर अली कहते हैं कि उनके निर्देशक बेटे शाद ने उन्हें फिल्म में अभिनय करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे ने मुझसे कहा कि मुझे भूमिका निभानी चाहिए। मैंने उससे कहा कि अगर तुम मेरे आसपास रहोगे, तो मैं इसे करूंगा और अंतत: मैंने यह भूमिका निभाई।”

उन्होंने मजाक करते हुए यहां तक कहा कि फिल्म में अभिनय के लिए राजी होकर उन्होंने ‘एक गलती की है।’

इमरान अब्बास और पर्निया कुरैशी की मुख्य भूमिका वाली ‘जांनिसार’ सात अगस्त को रिलीज हो रही है। मुजफ्फर अली के दृश्यों का निर्देशन शाद ने ही किया है। इससे पहले वह ‘साथिया’ फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493