चेन्नई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के नेता एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम भले ही रॉकेट वैज्ञानिक थे, लेकिन जमीन से जुड़े हुए थे।
स्टालिन ने यहां एक बयान में कहा, “अब्दुल कलाम ईमानदारी, सादगी और बुद्धिमता का अद्वितीय उदाहरण थे। वह एक ऐसे रॉकेट वैज्ञानिक थे जो जमीनी हकीकत से जुड़े हुए थे।”
स्टालिन के मुताबिक, युवाओं और बच्चों के लिए कलाम की प्रेरणादायक बातों ने उन्हें अपने लिए और देश के लिए बड़ा सोचने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया।
द्रमुक अध्यक्ष एम. करुणानिधि ने कहा कि कलाम का निधन बेहद दुखद खबर थी।
करुणानिधि ने एक संदेश में कलाम के साथ गुजारे पलों को याद किया और उनके परिवार, दोस्तों और देश के युवाओं के प्रति संवेदना जताई।
पट्टाली मक्काल काची (पीएमके) के संस्थापक एस. रामादास ने कहा कि कलाम ने सादगीपूर्ण और सिद्धांतों वाला जीवन जिया।
उन्होंने कहा, “वह जब राष्ट्रपति के पद पर थे, तब भी अपने रिश्तेदारों को उन्होंने राष्ट्रपति भवन में नहीं रखा था।”
dharmpath.com dharmpath