स्पाइसजेट का शुद्ध लाभ 72 करोड़ रुपये (लीड-1)

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। किफायती विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) में उसका शुद्ध लाभ 71.8 करोड़ रुपये रहा। गत वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 124 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

कंपनी के अध्यक्ष अजय सिंह ने एक बयान में कहा, “लगातार दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ हासिल हुआ है और इस उपलब्धि पर मुझे गर्व है। अभी हालांकि काफी दूर जाना है।”

सिंह ने कहा, “हम विकास, संचालन को भरोसेमंद बनाने और ऐन मौके पर प्रदर्शन को वापस विश्वस्तरीय बनाने पर ध्यान देते रहेंगे।”

लगातार सात तिमाही घाटा दर्ज करने के बाद 2014-15 की आखिरी तिमाही में कंपनी ने शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

2014-15 की आखिर तिमाही में कंपनी को 22.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जबकि उसके एक साल पहले की समान अवधि में 321.51 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

प्रथम तिमाही में कंपनी की कुल आय हालांकि 34.09 फीसदी घटकर 1,106.3 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,678.58 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने कहा कि आलोच्य अवधि में किराए पर चालक दल सहित विमान लेने (वेट लीज) पर खर्च करने के कारण उसका शुद्ध लाभ थोड़ा घट गया। किराए पर सिर्फ विमान (ड्राई लीज) लेने से उसका शुद्ध लाभ थोड़ा और अधिक होता।

कंपनी ने कहा कि आने वाले समय में वेट लीज को ड्राई लीज में बदल लिया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि रुपये-डॉलर विनिमय दर गत वर्ष के मुकाबले घट जाने के कारण भी शुद्ध लाभ थोड़ा घट गया।

इस दौरान कंपनी के विमानों की 89.8 फीसदी सीटें भरीं, जो एक साल पहले के मुकाबले 14.8 फीसदी अधिक है और इस उद्योग में भी सर्वाधिक रहा।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष के आखिर में कंपनी बड़े वित्तीय संकट में घिर गई थी। संकट से पहले कंपनी के बेड़े में 55 विमान थे, जो अब घटकर 34 रह गए हैं।

कंपनी अभी रोज 41 गंतव्यों के लिए 250 उड़ानों का संचालन करती है। गंतव्यों में 34 भारतीय और सात अंतर्राष्ट्रीय है।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयर 5.77 फीसदी बढ़कर 26.60 रुपये पर बंद हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493