लुई बर्जर मामला : अलेमाओ से पूछताछ, कामत उपस्थित नहीं हुए

पणजी, 28 जुलाई (आईएएनएस)। लुई बर्जर रिश्वत मामले में अपराध शाखा ने मंगलवार को गोवा के पूर्व मंत्री चर्चिल अलेमाओ से तीन घंटे पूछताछ की, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत जांच अधिकारियों के सामने नहीं पहुंचे।

राज्य के पूर्व लोक निर्माण मंत्री मंत्री अलेमाओ ने पूछताछ के बाद संवाददाताओं से कहा, “मैं निर्दोष हूं। यह साबित हो जाएगा।”

विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र अरलेकर ने इस बात की पुष्टि की है कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री को सम्मन भेजा गया है, जो मरगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

अरलेकर ने आईएएनएस से कहा, “विधानसभा का सत्र जारी है, पुलिस ने मुझे सम्मन की सूचना दी, क्योंकि मैं विधानसभा अध्यक्ष हूं।”

पुलिस सूत्रों ने कहा कि कामत को बुधवार को अपराध शाखा के सामने उपस्थित होने के लिए फिर से सम्मन भेजा जाएगा।

इसी मामले में जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) के परियोजना निदेशक आनंद वाचासुंदर को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें मंगलवार को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

वाचासुंदर पीडब्ल्यूडी के पूर्व मुख्य अभियंता हैं।

अलेमाओ 2010 में कांग्रेस नीत गठबंधन सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थे, जब लुई बर्जर के अधिकारियों ने उन्हें और तत्कालीन मुख्यमंत्री कामत को और कुछ अन्य अधिकारियों को कथित तौर पर 9,76,630 डॉलर रिश्वत दी थी।

यह रिश्वत जापान सरकार द्वारा वित्त पोषित एक करोड़ों डॉलर की परियोजना हासिल करने के लिए दी गई थी।

इस मामले में लुई बर्जर के अधिकारियों ने न्यूजर्सी जिला न्यायालय में गुनाह कबूल कर लिया है और मान लिया है कि उन्होंने भारत, वियतनाम, इंडोनेशिया और कुवैत में ठेका हासिल करने के लिए 39 लाख डॉलर रिश्वत दिए हैं।

न्यूजर्सी की अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, 2009-10 में गोवा के एक मंत्री और अन्य अधिकारियों को 9,76,630 डॉलर की रिश्वत दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493