बिहार : प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष की हत्या

हाजीपुर, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में वैशाली जिले के एक मुखिया की अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार रात उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। वह प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष भी थे।

पुलिस के अनुसार, बिदुपुर प्रखंड की दाउदनगर पंचायत के मुखिया शिवाजी राय रात को अपने घर में सोए हुए थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने उनके सीने में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मुखिया को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शिवाजी राय प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ सदस्य भी थे।

वैशाली जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मुखिया के परिजनों के बयान के आधार पर बिदुपुर थाने में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने बुधवार सुबह हाजीपुर-महनार पथ पर प्रदर्शन किया। वे अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493