भोपाल, 29 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित कई अन्य हिस्सों में बुधवार सुबह आसमान में बादलों का डेरा रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवा के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है।
राज्य में बुधवार सुबह बादलों की आवाजाही बनी रही। हवाओं ने सुबह खुशगवार बना दी। बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर और चंबल संभागों में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, रतलाम, नीमच, मंदसौर, झाबुआ और अलिराजपुर में भारी बारिश का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री, इंदौर में 22.7 डिग्री, ग्वालियर में 23.6 डिग्री और जबलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री, इंदौर में 25.4 डिग्री, ग्वालियर में 33.6 डिग्री और जबलपुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath