रियो डी जनेरियो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी जिको ने फीफा के अध्यक्ष पद के चुनाव में ब्राजीलियाई फुटबाल महासंघ (सीबीएफ) से समर्थन मांगा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जिको ने जून में सेप ब्लाटर के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा करने के साथ ही अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर की थी।
ब्लाटर के बाद फीफा के अध्यक्ष पद के लिए अगले वर्ष 26 फरवरी को चुनाव होना है।
वेबसाइट ‘ग्लोबस्पोर्ट डॉट ग्लोबो डॉट कॉम’ ने मंगलवार को जिको के हवाले से कहा, “मेरे पक्ष में मत देने की पहली वजह यह होगी कि एक तो मैं ब्राजीलियाई हूं और दूसरे मैंने ब्राजीलियाई टीम को 10 वर्षो तक बतौर खिलाड़ी अपने सेवाएं दी हैं।”
जिको ने कहा, “मैंने सीबीएफ के अध्यक्ष को एक पत्र भेजा है, जिसमें अपनी दावेदारी का पक्ष रखा है। अब मैं उनके जवाब का इंतजार कर रहा हूं कि वे मेरे प्रति प्रतिबद्धता जाहिर करते हैं या नहीं। लेकिन मैं ज्यादा देर तक इंतजार नहीं कर सकता, क्योंकि हमारे पास समय नहीं रह गया है।”
dharmpath.com dharmpath