नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ‘आयरन मैन’ खिताब धारी मॉडल-अभिनेता मिलिंद सोमण ने मंगलवार को महिलाओं की मैराथन ‘एसबीआई दिल्ली पिंकाथन 2015’ की घोषणा की। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना है।
पिंकाथन छह सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होगी। यह महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने और स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित की जा रही है।
मिलिंद ने यहां कहा, “पिंकाथन एक मैराथन से कहीं बढ़कर है। यह बदलाव का बीज है। यह भारतभर में उन सशक्त महिलाओं द्वारा आगे बढ़ाए जाने वाले एक अभियान की शुरुआत है, जो मानती हैं कि एक स्वस्थ परिवार, एक स्वस्थ देश और एक स्वस्थ विश्व की शुरुआत सशक्त महिलाओं से होती है।”
मिलिंद ने फिटनेस का महत्व भी बताया और सलाह दी कि महिलाओं को स्वस्थ होने के फायदों के बारे में जागरूक करने की जरूरत है।
dharmpath.com dharmpath