‘चेहरे’ में मनीषा, दिव्या प्रतिद्वंद्वी बहनें

मुंबई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मनीषा कोईराला और दिव्या दत्ता की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘चेहरे’ जल्द प्रदर्शित होने जा रही है, जिसमें दोनों नामचीन अभिनेत्रियों ने एक-दूसरे से ही प्रतिद्वंद्विता करने वाली बहनों का किरदार निभाया है।

दिव्या ने फिल्म के संगीत लांच के अवसर पर संवाददाताओं से कहा, “फिल्म में मैंने और मनीषा ने बहनों की भूमिका अदा की है। लेकिन दोनों बहनों के बीच बहुत प्रतिद्वंद्विता है और यही फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाती है।”

फिल्म एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है, जिसमें हर्षिता भट्ट का किरदार भी खास है। हर्षिता ने कहा, “फिल्म में मेरा किरदार एक नवोदित अभिनेत्री का है, जबकि मनीषा जी बीते समय की अभिनेत्री के किरदार में हैं। यह तीन महिलाओं की कहानी है, जो अभिनेत्रियां हैं। जैकी श्रॉफ ने फिल्म में निर्माता की भूमिका निभाई है।”

फिल्म में गुलशन ग्रोवर भी हैं, लेकिन इस बार नकारात्मक भूमिका में नहीं, बल्कि एक सकारात्मक और रोमांटिक भूमिका में। अपनी भूमिका के बारे में उन्होंने बताया, “फिल्म में मेरी भूमिका एक चिकित्सक की है, जिसे अभिनेत्री से प्यार होता है और अभिनेत्री भी उसे प्यार करती है। फिल्म में एक साथ कई कहानियां चलती हैं।”

यह फिल्म पहले ही प्रदर्शित होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से इसमें देरी हुई। अब यह अगस्त में प्रदर्शित होने वाली है। इसका निर्देशन रोहित कौशिक ने किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493