अनधिकारिक टेस्ट : आस्ट्रेलिया-ए ने 1-0 से जीती श्रृंखला (लीड-1)

चेन्नई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया-ए ने एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में हुए दूसरे अनधिकारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच के आखिरी दिन शनिवार को भारत-ए को 10 विकेट से हरा दिया और दो मैचों की श्रृंखला 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।

भारतीय टीम की दूसरी पारी चौथे दिन सुबह ही 274 रनों पर समेटने के बाद आस्ट्रेलिया-ए ने चौथी पारी में 61 रनों के आसान लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 6.1 ओवरों में हासिल कर लिया।

कैमरून बैंक्रॉफ्ट 21 और कप्तान उस्मान ख्वाजा 41 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, छह विकेट पर 267 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम दिन की पांचवीं गेंद पर स्कोर में बिना कोई इजाफा किए श्रेयष गोपाल का विकेट गंवा बैठी। गोपाल खाता भी नहीं खोल सके।

भारतीय पारी चौथे दिन मात्र 5.3 ओवरों तक संघर्ष कर सकी और शेष चार विकेट गंवा दिए।

पहली पारी में मात्र 16 रन बना सके भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में 45 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। कोहली के अलावा अभिनव मुकुंद (59) और श्रेयष अय्यर (49) ने भी अहम पारियां खेलीं।

पहली पारी में भारत के सर्वोच्च स्कोरर रहे करुण नायर ने दूसरी पारी में भी 31 रनों का योगदान दिया। नायर ने पहली पारी में 50 रन बनाए थे।

पहली पारी में भारत के तीन विकेट चटकाने वाले गुरिंधर संधू ने दूसरी पारी में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट हासिल किए।

संधू के अलावा स्टीव ओ कीफे ने भी चार विकेट चटकाए। ओ कीफे ने पहली पारी में दो विकेट हासिल किए थे।

पहली पारी में बैंक्रॉफ्ट (15) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत आस्ट्रेलिया-ए ने 349 रन बनाए थे। बैंक्रॉफ्ट के अलावा कैलम फर्गुसन ने 54, गुरिंदर संधू ने 36 और कप्तान ख्वाजा ने 33 रन बनाए थे।

भारत के लिए बाबा अपराजित ने पांच और प्रज्ञान ओझा ने पहली पारी में चार विकेट चटकाए।

आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के आगे भारत-ए की पहली पारी मात्र 135 रनों पर सिमट गई थी। पहली पारी में नायर के अलावा कोई भी अन्य भारतीय बल्लेबाज 20 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सका।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493