कलाम को अनूठी श्रद्धांजलि, रविवार को भी खुले रहे दफ्तर

तिरुवनंतपुरम, 2 अगस्त (आईएएनएस)। देश के विकास का सपना कभी आंखों से ओझल न करने वाले दिवंगत राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को केरल के कुछ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने रविवार को भी काम कर अनूठी श्रद्धांजलि दी।

केरल के मुख्य सचिव जीजी थाम्पसन ने 28 जुलाई को ट्वीट कर बताया था कि रविवार को राज्य के सरकारी दफ्तरों में काम होगा लेकिन मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने इस प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया था।

मुख्यमंत्री के इनकार के बावजूद राज्य के स्वास्थ्य निदेशालय ने रविवार को काम किया। काम करने का फैसला स्टाफ वेलफेयर कमेटी ने किया था।

स्वास्थ्य निदेशालय के निदेशक एस. जयशंकर ने कहा कि न केवल उनके दफ्तर में काम हुआ बल्कि मलेरियारोधी अभियान की शुरुआत भी की गई।

एक कर्मचारी ने बताया, “रविवार को काम करने का फैसला सर्वसम्मति से हुआ था। यही हमारे राष्ट्रपति चाहते थे कि हम अधिक से अधिक काम कर देश को आगे ले जाएं।”

अब्दुल कलाम ने अपनी एक पोस्ट में कहा था कि वह यही चाहेंगे कि उनकी मौत पर छुट्टी होने के बजाए लोग एक दिन अतिरिक्त काम करें।

राज्य सरकार के कई अधिकारियों ने छुट्टी के दिन काम करने की पेशकश की थी जिसके बाद थाम्पसन ने ट्वीट किया था।

राज्य के अन्य जिलों से भी खबर आ रही है कि रविवार होने के बावजूद ग्राम पंचायत जैसे कुछ सरकारी दफ्तरों में कामकाज हुआ है।

कलाम का केरल से गहरा रिश्ता था। यहीं पर उन्होंने इसरो के वैज्ञानिक के रूप में 60 के दशक से सन 80 के बीच लगभग दो दशक बिताए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493