नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस के 25 सांसदों को लोकसभा से निलंबित किए जाने से नाराज कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों ने मंगलवार को राज्यसभा में खूब हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई और सदन दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और उस पर ‘तानाशाही’ का आरोप लगाया।
सदन की बैठक शुरू होते ही विपक्षी दलों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज कांग्रेस सदस्यों ने सभापति की आसंदी के करीब एकत्र होकर नारेबाजी की और नारे लिखीं तख्तियां लहराई।
नाराज कांग्रेस सदस्यों ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी को मदद पहुंचाने के मामले को लेकर नारे लिखी तख्तियां लहराई। कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने विरोधस्वरूप काला कपड़ा लहराया।
हंगामे और शोरशराबे के बीच उपसभापति पी.जे. कुरियन ने सदन की कार्यवाही पहले दोपहर तक के लिए स्थगित की। सदन की बैठक दोबारा शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा, जिसे देखते हुए सभापति एम. हामिद अंसारी ने कार्यवाही अपराह्न् दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही दो बजे शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा।
कांग्रेस सदस्यों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘सरकार पर धिक्कार है’ और ‘लोकतंत्र की हत्या मत करो’ जैसे नारे लगाए, जिसके बाद कुरियन ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी नारेबाजी की, लेकिन उसे सुना नहीं जा सका।
dharmpath.com dharmpath