दमिश्क, 7 अगस्त (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन, इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों ने मध्य सीरिया में महिलाओं तथा बच्चों सहित दर्जनों सीरियाई ईसाइयों को अगवा कर लिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने शुक्रवार को कहा है कि होम्स प्रांत के कर्यातेयन कस्बे में अगवा किए गए 230 नागरिकों में दर्जनों ईसाई शामिल हैं।
ब्रिटेन की मानवाधिकार संस्था एसओएचआर के मुताबिक, उनमें 19 बच्चे भी शामिल हैं।
कस्बे के बाहरी हिस्से में कई आत्मघाती कार हमलों को अंजाम देने के बाद आईएस आतंकवादी बीते बुधवार को कर्यातेयन आ धमके।
कर्यातेयन में आतंकवादियों तथा सीरियाई सेना के बीच भीषण लड़ाई हुई। इस दौरान वायुसेना ने भी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की।
रपट के मुताबिक, नुकसान से बचाने के लिए सेना को वापस बुला लिया गया है और उन्हें अन्य ठिकानों पर फिर से तैनात कर दिया गया है, जबकि वायुसेना और थल सेना अभी भी कस्बे में कार्रवाई कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath