कटिहार (बिहार), 7 अगस्त (आईएएनएस)। कटिहार रेल मंडल के हरिश्चंद्र और कुमेदपुर रेलखंड के बीच एक रेलगाड़ी की चपेट में आने से छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी मृतक कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के बताए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, आठ लोग नदी पर बने एक रेल पुल को पार कर रहे थे तभी न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन का चालक कुछ समझ पाता तब तक छह लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों ने नदी में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
कटिहार रेल डिवीजन के मुख्य क्षेत्रीय वाणिज्य पदाधिकारी (डीसीएम) और सूचना जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार ने आईएएनएस को बताया कि सभी मृतक कटिहार जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गई है तथा रेलवे के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं। राहत और बचाव दल को कटिहार रेलवे स्टेशन से रवाना कर दिया गया है।
कुमार ने बताया कि घटनास्थल पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के अंतर्गत आता है।
dharmpath.com dharmpath