फुजियान प्रांत में लगभग 1,58,000 लोगों को आशंका वाले क्षेत्रों से निकाला जा चुका है। साल के इस 13वें तूफान के शनिवार तक इस प्रांत में पहुंचने की आशंका है।
प्रांतीय बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के मुताबिक, साउडलर 20 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ रहा है। यह शुक्रवार रात और शनिवार सुबह के बीच ताइवान पहुंच चुका है, जिसके बाद इसके शनिवार रात तक फुजियान प्रांत के तट से टकराने की आशंका है।
तूफान साउडलर की आशंका के बीच जिन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, उनमें अधिकांश कृषि कामगार हैं।
समुद्री पुलिस ने शुक्रवार दोपहर प्रांत के एक छोटे द्वीप से विश्वविद्यालय के 55 छात्रों और शिक्षकों को बाहर निकाला। वे ग्रीष्मकालीन शिविरों (समर कैंप) में हिस्सा लेने गए थे, लेकिन तेज हवाओं की वजह से सभी नौका सेवा बाधित हो गई, जिसके कारण वे वहीं फंसे रह गए।
नौसेना पुलिस दोपहर में द्वीप के लिए निकली और चार घंटों के बाद सभी 55 लोगों को लेकर तट पर पहुंची।
प्रांतीय प्रशासन ने तेज हवाओं की वजह से मछली पकड़ने वाली सभी नौकाओं को शुक्रवार सुबह 10 बजे तक बंदरगाह लौटने का आदेश दिया था।
पड़ोसी प्रांत गुआंगडोंग के प्रशासन ने भी मछली पकड़ने वाली सभी नौकाओं और जलीय कृषि कामगारों को तट पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
पूर्वी गुआंग्डोंग में समुद्री पर्यटन स्थलों को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है।
तूफान से रेल और वायु सेवाएं बाधित होने की आशंका है। करीब 120 रेलगाड़ियां, जिनमें से अधिकांश शंघाई से फुजियान और गुआंग्डोंग के बीच चलती हैं, सप्ताहांत पर रद्द रहेंगी।
dharmpath.com dharmpath