त्रिपुरा में कलाम के सम्मान में छुट्टी के दिन किया काम

अगरतला, 8 अगस्त (आईएएनएस)। त्रिपुरा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के सम्मान में इस महीने के दूसरे शनिवार को भी काम किया। कलाम का 27 जुलाई को शिलांग में निधन हो गया था।

त्रिपुरा स्वास्थ्य सेवा के निदेशक के.एल.भौमिक ने आईएएनएस से कहा, “आज महीने का दूसरा शनिवार है और त्रिपुरा सरकार की तरफ से आधिकारिक छुट्टी है। लेकिन डॉ.कलाम के सम्मान में हमने आज अतिरिक्त कार्य करने का फैसला किया।”

उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति त्रिपुरा के साथ व्यक्तिगत तौर पर जुड़े थे।

उल्लेखनीय है कि 25 जुलाई, 2002 को राष्ट्रपति बनने के बाद कलाम ने पूर्वोत्तर भारत के दौरे के पहले पड़ाव के तहत चार अक्टूबर, 2002 को त्रिपुरा का दौरा किया था।

त्रिपुरा के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने यहां गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में एक हार्ट केयर यूनिट का उद्घाटन किया। उन्होंने बोधजंग नगर औद्योगिक एस्टेट में अनानास पाउडर की विनिर्माण इकाई की आधारशिला रखी थी और विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के छात्रों से मुखातिब हुए थे।

कभी राज्य योजना समिति के सदस्य रहे कलाम ने राष्ट्रपति बनने से पहले 31 जनवरी, 2001 को त्रिपुरा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को भी संबोधित किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493