मुंबई, 11 अगस्त (आईएएनएस)। नामचीन फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने दिग्गज अभिनेत्री-सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में भारतीय और हथकरघा निर्मित परिधानों का इस्तेमाल करने पर सराहा है।
शबाना सार्वजनिक जगहों पर अधिकांशत: हथकरघा निर्मित परिधानों का प्रचार करती दिखती हैं।
मनीष ने ट्विटर पर लिखा, “शबाना ने लक्मे फैशन वीक में वर्षो तक भारतीय और हथकरघा निर्मित परिधानों को प्रभावशाली बनाया है और उनका ऐसा करना जारी है।”
शबाना ने मनीष को इस ट्वीट के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा, “शुक्रिया मनीष। हमें मुबारकपुर के बुनकरों के साथ काम करना चाहिए, जो गुमनामी के अंधेरे में खो गए हैं। वहां अपार संभावनाएं हैं।”
मनीष ने इस साल की शुरुआत में शबाना के गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) मिजवान वेलफेयर सोसायटी (एमडब्ल्यूएस) के लिए परिधान तैयार किए थे। शबाना हर साल मिजवान के कुशल ग्रामीणों के लिए आर्थिक मदद जुटाने के लिए फैशन शो आयोजित करती हैं।
dharmpath.com dharmpath