बैडमिंटन : विश्व चैम्पियनशिप में कश्यप हारे, श्रीकांत अगले दौर में (लीड-1)

जकार्ता, 12 अगस्त (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय पुरुष खिलाड़ी तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को इंडोनेशिया के इस्तोरा सेनायन स्टेडियम में चल रहे बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। शीर्ष भारतीय महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने भी जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश पा लिया।

हालांकि राष्ट्रमंडल चैम्पियन 10वें वरीय पारुपल्ली कश्यप को दूसरे दौर में हार झेलनी पड़ी।

तीसरे वरीय श्रीकांत ने दूसरे दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे के हसू जेन हाओ को 21-14, 21-15 से मात दे दी। श्रीकांत को जीत हासिल करने में मात्र 36 मिनट का समय लगा।

श्रीकांत पूरे मैच के दौरान अपने प्रतिद्वंद्वी पर हावी रहे और कुल खेले गए 71 अंकों में 42 अंक हासिल करने में सफल रहे।

तीसरे दौर में अब वह 13वें वरीय हांगकांग के हू युन से भिड़ेंगे।

पुरुष एकल वर्ग में बुधवार को ही हुए एक अन्य मुकाबले में कश्यप को हांगकांग के नगुएन तिएन मिन्ह ने 21-17, 13-21, 18-21 से हरा दिया।

एक घंटा पांच मिनट तक चले इस मुकाबले में कश्यप ने जीत के साथ शुरुआत की, हालांकि अगले दो गेम में वह अपनी लय कायम नहीं रख सके।

उधर महिला युगल वर्ग में ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी ने दूसरे दौर के मुकाबले में हसीए पी चेन और वु ती जुंग की चीनी ताइपे की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-10, 21-18 से हरा दिया।

ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी ने शुरू से मैच पर अपना दबदबा बना लिया और मात्र 24 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।

अब तीसरे दौर में ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी को रेइका काकियावा और मियूकी माएडा की जापानी जोड़ी का सामना करना होगा।

महिला युगल वर्ग के अन्य भारतीय जोड़ी प्रादन्या गडरे और सिक्की एन. रेड्डी हालांकि जापान की शिचुका मात्सुओ और मामी नैटो की जोड़ी से 17-21, 19-21 से मैच हार गई।

कश्यप की हार से जहां भारतीय उम्मीदों को बड़ा झटका लगा, वहीं पुरुष एकल वर्ग में एच. एस. प्रनॉय ने दूसरे दौर में जीत हासिल कर उम्मीदें बरकरार रखी हैं।

11वें वरीय प्रनॉय ने 39 मिनट तक चले दूसरे दौर के मुकाबले में युगांडा के एडविन एकिरिंग को 21-14, 21-19 से हरा दिया। प्रनॉय अब तीसरे दौर में सातवें वरीय डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन से भिड़ेंगे।

पुरुष युगल वर्ग में भारत को एक और असफलता मिली। प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवाल्कर की जोड़ी डेनमार्क की मैड्स कोनराड-पीटरसन और पीलर कोल्डिंग की जोड़ी से 16-21, 12-121 से हार गई।

भारत की शीर्ष महिला स्टार सायना नेहवाल बुधवार को महिला एकल वर्ग में हांगकांग की नगान यि चेयूंग से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493