गैब्रियल गार्सिया की अस्थियां कोलंबिया में दफनाई जाएंगी

बोगोटा, 12 अगस्त (आईएएनएस)। नोबेल पुरस्कार प्राप्त साहित्यकार गैब्रियल गार्सिया मार्खेस की अस्थियां कोलंबिया के कार्टाजेना डी इंडियास में दफनाई जाएंगी। बोलिवार राज्य के गवर्नर जुआन कार्लोस गोसैन ने यह जाजनकारी जाहिर की है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गवर्नर ने कहा, “गैब्रियल के करीबी रहे ब्रिटिश कलाकार केटी मरे द्वारा निर्मित गैब्रियल की अर्ध-प्रतिमा में उनकी अस्थियां रखी जाएंगी।”

गार्सिया का जन्म मार्च 1927 में हुआ था और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक पत्रकार के रूप में की थी और उन्होंने कई लेख भी लिखे। उनकी श्रेष्ठ कृतियों में ‘वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिट्यूड’, ‘द ऑटम ऑफ द पैट्रिआर्क’ और ‘लव इन द टाइम ऑफ कॉलरा’ शामिल हैं। उन्हें 1982 में नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था।

गार्सिया का देहांत 17 अप्रैल, 2014 को मेक्सिको में हुआ था। वह 1960 से इस शहर में रह रहे थे। उनका अंतिम संस्कार यहां किया गया, लेकिन उनकी अस्थियों को कहां दफनाया जाएगा, इस बारे में फैसला होना बाकी था।

गोसैन के अनुसार, लेखक की पत्नी और उनके बच्चों ने फैसला किया कि उनकी अस्थियों को कार्टाजेना डी इंडियास में दफनाया जाएगा।

कार्टाजेना के एक स्थानीय अखबार से ही गार्सिया ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत की थी और इसीलिए उनकी अस्थियों को वहीं दफनाया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493