नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। धन के लेन-देन के मुद्दे पर बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया। उन्होंने राहुल से कहा कि वह अपनी मां सोनिया गांधी से पूछें कि भोपाल गैस त्रासदी के बाद वारेन एंडरसन को देश से भागने देने के बदले कितने रुपये मिले थे।
सुषमा ने लोकसभा में पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी को मदद पहुंचाने के मामले में लाए गए कार्यस्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान यह बात कही।
राहुल ने सुषमा स्वराज को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर वह बता दें कि उन्हें और उनके परिवार को ललित मोदी से कितने रुपये मिले थे, तो फिर संसद की कार्यवाही चलना आसान हो जाएगा।
सुषमा ने कहा, “अगली बार जब वह (राहुल गांधी) छुट्टी पर जाएं तो अपने परिवार का इतिहास पढ़ें। अपनी मां सोनिया गांधी से पूछें कि वारेन एंडरसन से उनके परिवार को कितने रुपये मिले थे।”
एंडरसन भोपाल गैस त्रासदी के लिए जिम्मेदार कंपनी यूनियन कार्बाइड के मुखिया थे।
सुषमा ने कहा, “एंडरसन की मदद करना मदद के बदले में मदद पाना है। मेरे मामले में यह बात नहीं लागू होती।”
सुषमा आईपीएल में घपलेबाजी के मामले में फंसे ललित मोदी की मदद से इनकार कर चुकी हैं। उनका कहना है कि उन्होंने ललित मोदी की बीमार पत्नी की मदद की थी। कांग्रेस ललित मोदी की मदद करने का आरोप लगाते हुए सुषमा के इस्तीफे की मांग कर रही है।
dharmpath.com dharmpath