बैडमिंटन : सायना, सिंधु और गुट्टा-पोनप्पा विश्व चैम्पियनशिप के अंतिम-8 दौर में (लीड-1)

जकार्ता, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की बैडमिंटन सायना नेहवाल, पीवी सिंधु और महिला युगल जोड़ीदार ज्वाला गुट्टा तथा अश्विनी पोनप्पा शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां जारी विश्व चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

विश्व चैम्पियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधु ने चोट के बाद वापसी करते हुए मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन की ली जुईरेई को हराया।

हैदराबाद निवासी 20 साल की सिंधु ने टूर्नामेंट की तीसरी वरीय जुईरेई को 50 मिनट तक चले कांटे के मुकाबले में 21-17, 14-21, 21-17 से हराया।

यह सिंधु और जुईरेई के बीच अब तक की चौथी भिड़ंत थी। सिंधु दूसरी दफा जुईरेई को हराने में सफल रही हैं।

अगले दौर में सिंधु का सामना दक्षिण कोरिया की सुंग जी हयून से होगा। इन दोनों के बीच अब तक कुल चार मुकाबले हुए हैं, जिनमें से तीन में सिंधु विजयी रही हैं।

सिंधु की जीत के बाद विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने शानदार खेल दिखाते हुए जापान की सायाका ताकाहाशी को 47 मिनट में 21-18, 21-14 से हराया। दोनों के बीच चार बार भिडं़त हुई है और हर बार सायना विजयी रही हैं।

सायना लगातार छठी बार विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले चार बार वह इसी दौर से बाहर हुई हैं।

अब उनका सामना चीन की यिहान वांग और कोरिया की येयोन जे बेई के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

महिला युगल में गुट्टा और पोनप्पा ने जापान की आठवीं वरीय रेइका काकिवा और मियुकी माएदा को जोड़ी को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराया।

13वीं वरीय भारतीय जोड़ी ने यह मैच लगभग एक घंटे में 21-15, 18-21, 21-19 से जीतते हुए अंतिम-8 दौर में जगह पक्की की।

2010 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली यह जोड़ी अब 2011 विश्व चैम्पियनशिप में अपने प्रदर्शन को सुधारने का प्रयास करेगी। इस जोड़ी ने चार साल पहले कांस्य जीता था। भारत ने 28 साल बाद विश्व चैम्पियनशिप में कोई पदक हासिल किया था।

सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय खिलाड़ी अपने लिए कम से कम कांस्य पदक सुरक्षित कर लेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493