राजग सांसदों का कांग्रेस के गतिरोध के विरोध में मार्च

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस ‘प्रेरित’ लोकसभा गतिरोध के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ’ जुलूस निकाला।

यह जुलूस मानसून सत्र की समाप्ति के दिन यानी गुरुवार को विजय चौक से गांधी प्रतिमा तक निकाला गया।

जुलूस की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने की, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। आडवाणी ने नारे लिखी तख्ती भी लहराई। उनके साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली भी मौजूद थे।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपने वाहनों से जुलूस स्थल पर पहुंचे। दिल्ली से भाजपा नेता विजय गोयल गृह मंत्री की कार में सवार थे।

विजय चौक से कार में सवार होकर निकले कुछ अन्य नेताओं ने आगे जाकर अपने वाहन वहीं छोड़ आडवाणी और जेटली की तरह पैदल जुलूस पर निकलने का फैसला लिया।

संसदीय मामलों के मंत्री वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल, भाजपा प्रवक्ता एम.जे. अकबर और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख राम विलास पासवान सहित अन्य नेता भी जुलूस में शामिल हुए।

इससे पूर्व, राजग सांसदों ने सदन की कार्यवाही में लगातार व्यवधान डालने और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक जैसे कई महत्वपूर्ण विधेयकों की राह में रोड़े अटकाने पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस संसद में तथ्यों और आकड़ों के बिना विरोध-प्रदर्शन कर रही थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493