वुलानचाबू (चीन), 13 अगस्त (आईएएनएस)। एशियाई महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में गुरुवार को महिलाओं के 81 किलोग्राम भारवर्ग में भारत की साविती बोरा ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
एशियाई चैम्पियनशिप में किसी स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने वाली वह एकमात्र भारतीय मुक्केबाज हैं।
विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता साविती ने उजबेकिस्तान की दिलनोवाज नार्खोडझायेवा को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में साविती को अब खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं स्थानीय मुक्केबाज यांग शियाओली की चुनौती का सामना करना होगा।
शियाओली ने सेमीफाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मोल्डिर बाजारबायेवा को 2-1 से हराया।
बोरा के अलावा एशियाई चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाली अन्य भारतीय महिला मुक्केबाजों को अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले में हार झेलनी पड़ी और उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।
मीना कुमारी को 54 किलोग्राम भारवर्ग में फिलीपींस की नेस्टी पेटेसियो ने 3-0 से मात दे दी। विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता सरजूबाला शामजेटसाबाम 48 किलोग्राम भारवर्ग में चीन की ई. नैयन से हार गईं।
पाविलाओ बासुमातारी और सीमा पूनिया भी क्रमश: थाईलैंड की तासामेली थोंगजैन और चीन की वांग शिजिन से अपने-अपने मैच हार गईं।
dharmpath.com dharmpath