लड़कियों में शिक्षा के प्रसार ने बाल विवाह पर लगाई लगाम

वाशिंगटन, 14 अगस्त (आईएएनएस)। लड़कियों के बीच शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और उन्हें शिक्षा के लिए दी जा रही मदद बाल विवाह की सर्वाधिक संभावना वाली लड़कियों की कम उम्र में शादी टालने में मददगार साबित हो सकती है। यह जानकारी एक अध्ययन में सामने आई है।

आज भी दुनिया में हर साल 1.4 करोड़ लड़कियों की शादी 18 साल से पहले हो जाती है। सहारा से लगे अफ्रीकी देशों में हर 10 में से एक लड़की की शादी 15 साल से पहले कर दी जाती है।

अध्ययन में सहारा से लगे अफ्रीकी देशों में 12 से 17 साल तक की लड़कियों की शादी में विलंब करने के लिए चार रणनीतियों को परखा गया।

ये चार रणनीतियां थीं :

1. समुदायों से संवाद : इसमें समुदायों के बुजुर्गो और धार्मिक नेताओं को बाल विवाह के खतरे के बारे में बताया गया।

2. लड़कियों की स्कूली शिक्षा में मदद करना, उन्हें संसाधन उपलब्ध कराना।

3. लड़कियों के विवाह को टालने के लिए परिवारों की आर्थिक मदद करना।

4. इन तीनों रणनीतियों को मिलाकर लड़कियों का विवाह टालने की कोशिश करना।

इस अध्ययन का नेतृत्व करने वाली अमेरिकी संस्था ‘पापुलेशन काउंसिल’ की अन्नाबेल एरुलकर ने कहा कि जिन समुदायों में लड़कियों को शिक्षा में मदद दी गई, उनमें 12 से 14 साल की 94 फीसदी लड़कियों के विवाह को टालने में सफलता हासिल हुई। शिक्षा से लड़कियों के सामाजिक स्तर में होने वाली बेहतरी से उनकी कम उम्र में विवाह न करने की प्रवृत्ति देखी गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493