जकार्ता, 14 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष महिला युगल जोड़ीदार-ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को शुक्रवार को यहां जारी विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हार मिली।
टूर्नामेंट की 13वीं वरीय और विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को जापान की नाओको फाकुमान और कुरुमी योनाओ ने हराया।
विश्व की 17वीं वरीयता प्राप्त जोड़ीदार नाओको और कुरुमी ने गुट्टा और पोनप्पा को 46 मिनट तक चले मुकाबले में 23-25, 14-21 से पराजित किया। इन जोड़ीदारों के बीच यह पहला मुकाबला था।
गुट्टा और पोनप्पा ने 2011 में विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था लेकिन इस साल एक बार फिर वे अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं। सेमीफाइनल में पहुंचकर वे अपने लिए कांस्य सुरक्षित करा सकती थीं।
अब भारत को महिला एकल में कांस्य या उससे बेहतर पदक की आस है। सायना नेहवाल और पीवी सिंधु शुक्रवार को महिला एकल में अपना-अपना क्वार्टर फाइनल मैच खेलेंगी।
dharmpath.com dharmpath