नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड ने लोगों को सलाह दी है कि वे पतंग उड़ाते समय सावधानी बरतें तथा बिजली के तारों से दूर खुले मैदान में इसे उड़ाएं।
दिल्ली ट्रासंको के प्रबंध निदेशक संजीव सिंह ने कहा कि हाल के वर्षो में देखा गया है कि स्वतंत्रता दिवस के आसपास बिजली के हाईटेंशन तारों में पतंगों के उलझने के कारण लाइन ट्रिप हो जाती है। अक्सर देखा गया है कि लोग पतंग में धातुकण लगे मांझे का प्रयोग करते हैं, ताकि आसानी से टूटे नहीं, लेकिन इस तरह के मेटेलिक मांझे बिजली के तारों के संपर्क में आते हैं तो दुर्घटना का कारण बनते हैं।
उन्होंने कहा कि इससे बिजली की लाइनें ट्रिप हो जाती हैं तथा पतंग उड़ाने वाले को शारीरिक चोट लग सकती है और जान भी जा सकती है। पिछले कुछ वर्षो में पतंगबाजी की वजह से दिल्ली में बिजली की लाइनें सैंकड़ों बार ट्रिप हुई हैं।
सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा का ख्याल रखें तथा खुले मैदान में पतंग उड़ाएं व मेटेलिक मांझे का प्रयोग न ही करें।
dharmpath.com dharmpath