लागोरी : फेडरेशन कप में हरियाणा को दोहरा खिताब (फोटो सहित)

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा ने पहली राष्ट्रीय फेडरेशन कप लागोरी चैम्पियनशिप में दोहरी सफलता हासिल करते हुए महिला एवं पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया।

द्वारका के शिक्षा भारती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में रविवार को हरियाणा की लड़कियों ने महाराष्ट्र को हराया जबकि हरियाणा के लड़कों ने पंजाब को पराजित किया।

फाइनल में हरियाणा की लड़कियों ने महाराष्ट्र को 35-28, 28-30, 25-20 से पराजिय किया। महिला वर्ग में हरियाणा ने पहला, महाराष्ट्र ने दूसरा, पंजाब ने तीसरा और हिमाचल ने चौथा स्थान हासिल किया।

इसी तरह लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने फाइनल में पंजाब को 18-15, 37-39, 7-5 से हराया। इस वर्ग में हरियाणा ने पहला, पंजाब ने दूसरा, महाराष्ट्र ने तीसरा और मेजबान दिल्ली ने चौथा स्थान हासिल किया।

दिल्ली ने इस टूर्नामेंट की शानदार मेजबानी करते हुए तारीफ बटोरी। भारतीय एमेच्योर लागोरी संघ के महासचिव संतोष प्रह्लाद गुरव ने दिल्ली लागोरी संघ के महासचिव अवनीश साहू को इसके लिए बधाई दी।

अपने अथक प्रयासों से लागोरी को दुनिया भर में स्थान दिला चुके गुरव ने कहा कि भविष्य में दिल्ली को अहम आयोजनों की मेजबानी मिलेगी। लागोरी के लिए आने वाला समय काफी अहम है क्योंकि अगले साल जनवरी में पहला विश्व कप आयोजित होना है।

विश्व कप का आयोजन मुम्बई मे होगा और इसमें 30 से अधिक देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। गुरव ने कहा कि विश्व कप के लिए प्रख्यात फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ब्रांड एमबेसेडर होंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा सितम्बर में की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493