कोलंबो, 17 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका में संसदीय चुनाव में पिछली बार की तुलना में अधिक मतदान देखा जा रहा है। चुनाव पर निगरानी रखने वाली एक संस्था ने यह जानकारी दी।
कैंपेन फॉर फ्री एंड फेयर इलेक्शन (सीएएफएफई) के कार्यकारी निदेशक रंजीत कीर्थी तेनाकुन ने कहा, “नए संसद के निर्वाचन के लिए लोगों को उत्साह पूर्वक मतदान करते देखना एक अच्छा संकेत है। मतदान केंद्र पर अब तक कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है।”
डेली मिरर की एक रपट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर नौ हजार निरीक्षकों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 430 चल इकाइयां भी तैनात की गई हैं।
इसी बीच, सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इलेक्शन वायलेंस (सीएमईवी) के मीडिया समन्वयक अनुराधा गुरूग ने कहा कि सुबह आठ बजे के बाद कतार में लोगों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई और अधिक से अधिक लोग मतदान करने के लिए घरों से निकले।
उन्होंने कहा, “चुनाव पर निगरानी रखने के लिए सीएमईवी ने पांच हजार निरीक्षकों, 21 विदेशी प्रेक्षक, 75 चल इकाइयों को तैनात किया है। इसके अलावा, मतगणना केंद्रों पर 100 निरीक्षक उपस्थित रहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath