इस्लामाबाद, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के साथ इसी महीने होने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बैठक में पाकिस्तान विदेश सचिव स्तर की वार्ता का प्रस्ताव रख सकता है।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सोमवार को अपनी कोर कमेटी के साथ बैठक में इस पर विचार किया कि किन मुद्दों को सुरक्षा सलाहकारों की वार्ता की कार्यसूची में शामिल किया जाए और किन मुद्दों को विदेश सचिवों के लिए छोड़ दिया जाए।
पाकिस्तानी मीडिया की रपट के मुताबिक, बैठक में पाकिस्तान के गृहमंत्री चौधरी निसार अली खान, वित्तमंत्री इसहाक डार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज और विदेशी मामलों के सलाहकार तारिक फातमी ने हिस्सा लिया।
सरताज अजीज 23 अगस्त को दिल्ली पहुंचेंगे। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अजीज के बीच 23 और 24 अगस्त को वार्ता होगी।
dharmpath.com dharmpath