अमेरिकी पुलिस ने एक और अश्वेत किशोर की हत्या की

शिकागो, 20 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी पुलिस द्वारा सेंट लुईस में एक और अश्वेत किशोर की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है।

इससे पूर्व मिसौरी के उत्तरी सेंट लुईस में अमेरिकी पुलिस के अत्याचार एवं भेदभाव का शिकार हुए माइकल ब्राउन नाम के अश्वेत किशोर की हत्या की पहली बरसी पर लोगों का रोष और प्रदर्शन अभी कम भी नहीं हुआ था कि एक और अश्वेत किशोर पुलिस के जुल्म का शिकार हो गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सेंट लुईस के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 18 वर्षीय पीड़ित ने उन पर बंदूक तानी, जिसके बाद उस पर गोली चलाई गई। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने किशोर की पहचान मंसूर बाल-बे के रूप में की।

मंसूर की मौत के बाद लगभग 200 की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हुए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ के नारे लगाए।

सेंट लुईस काउंटी पुलिस प्रमुख सैम डस्टन ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा कि दो संदिग्ध युवक एक मकान के पीछे से निकलकर भागे और दो पुलिस अधिकारियों ने उनका पीछा किया। इसी क्रम में एक युवक ने पुलिस पर बंदूक तान दी, जिसके बाद पुलिस ने उन पर गोलियां चला दी और एक युवक मारा गया।

सेंट लुईस पिछले साल तब चर्चा में आया था, जब नौ अगस्त को उपनगर फग्र्युसन में माइकल ब्राउन नाम के अश्वेत युवक की एक श्वेत पुलिसकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। ब्राउन को सेंट लुईस काउंटी की ग्रैंड जूरी और अमेरिकी न्याय विभाग ने मामले में पुलिस अधिकारी पर आरोप तय करने से इंकार कर दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493