अमेठी, 22 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी (उत्तर प्रदेश) पहुंचेंगी। वह यहां दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। स्मृति ने 2014 में अमेठी से संसदीय चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थीं।
स्मृति रविवार सुबह लगभग 7़ 40 बजे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर उतरेंगी। वहां से सड़क मार्ग से वह अमेठी पहुंचेंगी। सुबह लगभग 9़ 40 बजे वह दिवंगत भाजपा नेता संत बक्स सिंह के गांव मटियारी में उनके परिजनों से मिलेंगी।
इसके बाद स्मृति अमेठी में राजेश मसाला फैक्ट्री परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी और आम जनता से मुलाकात करेंगी। स्मृति यहां प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के तहत 25 हजार महिलाओं के बीमे की पहली किश्त जमा करेंगी। अपराह्न् 12.15 बजे वह लखनऊ के लिए रवाना होंगी।
जिला प्रशासन ने स्मृति ईरानी के एक दिवसीय दौरे और कार्यक्रम की पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि अमेठी से सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी इससे पहले 18 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री पर ललित मोदी को बचाने का आरोप लगाया था।
dharmpath.com dharmpath