यौन उत्पीड़न का आरोपी दिल्ली का बाइकर गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी के तिलक नगर इलाके में एक युवती से कथित तौर पर दुर्व्यहार तथा उसे धमकी देने को लेकर एक बाइकर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने आईएएनएस से कहा, “आरोपी को इस बात का पता था कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है और इसीलिए वह फरार हो गया था। हमने उसे तिलक नगर इलाके से ही गिरफ्तार किया।”

उन्होंने कहा, “उसे पुलिस स्टेशन लाया गया है। जांच के बाद मीडिया को और जानकारी दी जाएगी।”

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा जसलीन कौर के साथ तिलक नगर इलाके में एक ट्रैफिक सिग्नल पर दुर्व्यवहार किया गया।

पुलिस ने कहा, “हमने बाइक सवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (ए), 506 तथा 509 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच शुरू हो चुकी है।”

जसलीन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “एक व्यक्ति ने तिलक नगर में आज (रविवार) सुबह आठ बजे के आसपास मुझ पर भद्दी टिप्पणियां की। वह चांदी रंग के रॉयल एनफील्ड बाइक पर सवार था। जब मैंने उससे कहा कि मैं उसकी तस्वीर खींच रही हूं और पुलिस में शिकायत करने जा रही हूं, तो उसने कहा, “जो कर सकती है कर ले। शिकायत करके देख, फिर देखियो क्या करता हूं मैं तेरा।”

उन्होंने कहा कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि भद्दी टिप्पणियों को वहां से गुजर रहे 20 लोगों ने सुना होगा, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया। किसी ने भी उसे नहीं रोका।

जसलीन ने आईएएनएस से कहा, “मैं सड़क पार करने का प्रयास करते वक्त बाइक के सामने आ गई। जब मैंने उसे लाल बत्ती की ओर इशारा करते हुए कहा कि उसे रुकना चाहिए, तो उसने मेरे खिलाफ भद्दी टिप्पणियां करनी शुरू कर दी।”

फेसबुक पर तस्वीर पोस्ट करने के 14 घंटे के भीतर पुलिस ने यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और एक महिला की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के इरादे से गलत शब्दों का इस्तेमाल, इशारा या कृत्य के आरोप के तहत मामला दर्ज किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493