जम्मू एवं कश्मीर के मुख्य सचिव देंगे इस्तीफा

श्रीनगर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्य सचिव मुहम्मद इकबाल खांदे अपने पद से इस्तीफा देंगे। कहा जा रहा है कि राज्य के वरिष्ठतम नौकरशाह की राज्य में सत्तारूढ़ मोर्चे से नहीं बनती।

खांदे के निकट के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “हां, खांदे ने राज्य के मुख्य सचिव पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। वह स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए अर्जी दे रहे हैं।”

1978 बैच के आईएएस खांदे को 18 फरवरी 2013 को राज्य का मुख्य सचिव बनाया गया था। उस वक्त राज्य में नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार थी। उमर अब्दुल्ला मुख्यमंत्री थे।

मुफ्ती मुहम्मद सईद के नेतृत्व में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी-भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के साथ ही सरकार और खांदे के बीच मतभेदों की चर्चा शुरू हो गई थी।

21 अगस्त को मीडिया में इन चर्चाओं को और हवा मिली जब खांदे ने राज्य कैबिनेट बैठक में शिरकत नहीं की।

बतौर मुख्य सचिव खांदे की यह ड्यूटी है कि वह कैबिनेट बैठक में शामिल हों। लेकिन सूत्रों का कहना है कि अपने भाई के पोते के निधन की वजह से खांदे 21 अगस्त को छुट्टी पर थे।

सूत्रों के मुताबिक, शोक की इस घड़ी में खांदे ने बैठक को एक दिन के लिए टालने का अनुरोध किया था, जिसे नामंजूर कर दिया गया। इसके बाद तो मेल-मिलाप की रही-सही संभावना भी खत्म हो गई।

खांदे का कार्यकाल नवंबर महीने तक था।

माना जा रहा है कि खांदे के बाद वरिष्ठता क्रम में दूसरे नंबर के आईएएस अफसर बी.आर. शर्मा राज्य के नए मुख्य सचिव होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493