जकार्ता, 28 अगस्त (आईएएनएस)। दमाई इंदाह गोल्फ कोर्स में चल रहे एक लाख डॉलर इनामी राशि वाले सिपुत्रा गोल्फप्रेन्योर टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के हिम्मत राय ने 13 स्थानों की छलांग लगाते हुए संयुक्त 22वां स्थान हासिल किया।
पहले और दूसरे राउंड में 70 और 71 का स्कोर करने वाले हिम्मत ने तीसरे राउंड में तीन अंडर 69 का स्कोर हासिल किया।
एशियन डेवलपमेंट टूर के टूर्नामेंट में हिम्मत अब कुल छह अंडर 210 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर हैं तथा संयुक्त रूप से शीर्ष पर मौजूद सिंगापुर के लाम चिह बिंग और थाईलैंड के सुतीजेत कूरातानापिसान से नौ शॉट पीछे हैं।
तीसरे राउंड में हालांकि हिम्मत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले तथा तीसरे होल पर वह बोगी लगा बैठे। इसके बाद हालांकि वापसी करते हुए उन्होंने चौथे, छठे, 11वें, 13वें और 14वें होल पर पांच बर्डी लगाए।
इस बीच दूसरे राउंड तक शीर्ष खिलाड़ी से तीन शॉट पीछे चल रहे लाम ने तीसरे राउंड में जबरदस्त प्रदर्शन किया और सात अंडर 65 का स्कोर हासिल किया। लाम ने दूसरे, तीसरे, चौथे, छठे, आठवें, 13वें और 18वें होल पर बर्डी लगाए और दिन में एक भी शॉट नहीं चूके।
dharmpath.com dharmpath