नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (जेएसएल) ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत स्वच्छ भारत अभियान में योगदान स्वरूप दक्षिणी दिल्ली के सुल्तानपुर क्षेत्र में निगम स्कूल में मोड्यूलर टॉयलेट स्थापित किया है। दिल्ली में पहली बार किसी सरकारी स्कूल में इस तरह का टॉयलेट स्थापित किया गया है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, स्कूलों में सफाई एवं स्वच्छता के मुद्दे को देखते हुए जिन्दल स्टील लिमिटेड ने स्टेनलैस स्टील सेगमेन्ट में इस अत्याधुनिक सुविधा को पेश किया। इसमें छह टॉयलेट बनाए गए हैं, जिनकी अनुमानित लागत साढ़े छह लाख रुपये है।
बयान के अनुसार, इस मौके पर जेएसएल फाउंडेशन की अध्यक्ष दीपिका जिंदल ने कहा, “सरकार के ‘स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय अभियान’ के मद्देनजर हमने यह पहल की है। हमारी यह पहल न केवल स्वास्थ्य एवं सफाई के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसके परिणाम बच्चों की स्कूल में बेहतर उपस्थिति के साथ बेहतर शिक्षा के रूप में सामने आएंगे। साथ ही बेहतर स्वच्छता एवं सफाई के चलते बड़ी संख्या में लड़कियां स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित होंगी।”
dharmpath.com dharmpath