भोपाल, 31 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित इसके आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह सुहावनी रही। आसमान में बादलों का डेरा रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश की संभावना जताई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को बदली छाई होने से उमस से राहत मिली। धूप का असर कुछ कम महसूस हुआ। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर सहित कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान अधिकांश हिस्सों में सामान्य बारिश और बालाघाट, सिवनी, बैतूल, भोपाल, विदिशा, उज्जैन, देवास आदि स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मध्य प्रदेश में बारिश से उमस और तापमान में गिरावट आई है। राजधानी भोपाल में सोमवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री, इंदौर में 22 डिग्री, ग्वालियर में 27.7 डिग्री और जबलपुर में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले यानी रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री, इंदौर में 29.4 डिग्री, ग्वालियर में 36.5 और जबलपुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath