हिंसा से सख्ती से निपटा जाएगा : चेन्निथला

तिरुवनंतपुरम, 31 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि हिंसा भड़काने वाले किसी भी राजनीतिक दल से सख्ती से निपटा जाएगा।

गृहमंत्री ने यह बात राज्य में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए यहां बुलाई गई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नौकरशाहों की एक बैठक में कही। उल्लेखनीय है कि ओणम की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा कि कानून का कड़ाई से पालन किया जाएगा। शांति में खलल डालने वाली गतिविधियों में संलिप्त रहे किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा। हमने हाल ही में ऐसी ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता देखी है।

चेन्निथला ने कहा, “राज्य में अशांति पैदा करने की एक संगठित कोशिश की गई। मैं आरएसएस एवं भाजपा और माकपा से इस राजनीतिक हिसा को खत्म करने की गुजारिश करता हूं। कानून की धज्जियां उड़ाने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।”

उन्होंने कहा, “इससे सख्ती से निपटा जाएगा।”

पिछले सप्ताह कासरगोड और कन्नूर सहित पांच जिलों में भड़की हिंसा में भाजपा और माकपा दोनों के एक-एक सदस्य की जान गई थी और कई अन्य कार्यकर्ता घायल हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493