दुनिया में भारत का मान बढ़ा : गोयल

छिंदवाड़ा, 31 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने विरासत में मिली समस्याओं पर काबू पा लिया है, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यो से दुनिया में भारत का मान बढ़ा है।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में आयोजित पर्दाफाश रैली में सोमवार को गोयल ने कहा कि 26 मई, 2014 को जब राजग सरकार ने कार्यभार ग्रहण किया था, तब उसे 10 वर्षो की विफलताएं विरासत में मिली थीं। महंगाई, भ्रष्टाचार व असुरक्षा से जनता पीड़ित थी।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई, महंगाई पर अंकुश लगा। देश की सीमाओं पर चौकसी बढ़ी। पड़ोसी देशों से मैत्री बढ़ी और नरेंद्र मोदी विश्व के फलक पर छा गए। मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया ने दुनिया में भारत की साख बढ़ाई। युवा राष्ट्र के साथ भारत की गणना ‘स्किल्ड इंडिया’ के रूप में बनी है। चीन दुनिया का तेज गति से बढ़ने वाला मुल्क था। आज भारत ने चीन को भी पीछे धकेल दिया है।

छिंदवाड़ा कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ का संसदीय क्षेत्र है। गोयल ने कहा कि कमलनाथ ने छिंदवाड़ा अंचल में राजनीतिक सौदेबाजी करके क्षेत्र की जनता को छला है। विकास से उनका सरोकार रहा होता तो अनुसूचित जनजाति बहुल, खनिजों एवं वन संपदा में संपन्न छिंदवाड़ा का आज नक्शा ही कुछ और होता।

उन्होंने बताया कि भारत में कोयला की 32 खदानें खोली जा रही हैं। इनमें से आठ खदानें मध्यप्रदेश में हैं। इनमें से एक छिंदवाड़ा क्षेत्र की जमुनिया में पूर्ण गति से खनन का कार्य शुरू किया जा रहा है।

गोयल ने कहा कि कमलनाथ ने चुनाव से पूर्व प्रतीकात्मक ढंग से कोयला खदान खोली थी, जो जनता को भ्रमित करने की चाल मात्र थी।

केंद्रीय मंत्री ने छिंदवाड़ा के विकास को राजग सरकार का लक्ष्य बताते हुए आह्वान किया कि आने वाले चुनाव में सांसद को केंद्र और राज्य के बीच सेतु बनाने के लिए सोच-विचार कर मतदान करें।

इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के मंत्री उपथित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493