नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व हिदू परिषद(विहिप) ने उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुसलमानों के साथ भेदभाव बरता जा रहा है। विहिप ने मंगलवार को मांग की कि उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए या पद से इस्तीफा देकर खुलकर राजनीति में उतर जाना चाहिए।
विहिप के प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने आईएएनएस से कहा, “अंसारी ने मुस्लिम समुदाय पर जो बयान दिया है, वह एक उपराष्ट्रपति का नहीं, बल्कि एक मुस्लिम नेता का है।”
उन्होंने कहा, “विहिप उपराष्ट्रपति पद का पूरा सम्मान करता है, लेकिन उनके गैरजिम्मेदारा बयान की पुरजोर निंदा करता है।”
अंसारी ने सोमवार को ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मशवरात की एक बैठक का आगाज करते समय कहा था कि देश को मुस्लिमों के साथ हो रहे भेदभाव, बहिष्कार और अन्याय को दूर करना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने कहा था, “यह काम इसके लिए विकसित उचित साधनों से जल्द से जल्द किए जाने की जरूरत है।”
विहिप प्रवक्ता ने कहा कि देश के सबसे बड़े धार्मिक अल्पसंख्यक कई अन्य मुस्लिम देशों की तुलना में भारत में अधिक संवैधानिक अधिकारों का लुत्फ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे देश में बहुसंख्यक हिंदू भी उस तरह के अधिकारों का आनंद नहीं ले पा रहे हैं।”
सुरेंद्र ने कहा, “उपराष्ट्रपति इस समुदाय के लिए और क्या चाहते हैं? उन्हें स्पष्ट करना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “अगर वह इन सवालों के जवाब नहीं देते हैं, तो स्पष्ट है कि वह उपराष्ट्रपति के पद पर बैठकर ओछी राजनीति कर रहे हैं।”
विहिप प्रवक्ता ने कहा, “उन्हें अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए और राजनीति में आ जाना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath