बु़डापेस्ट, 3 सितंबर (आईएएनएस)। दो दिन के गतिरोध के बाद गुरुवार को हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के मुख्य रेलवे स्टेशन केलेती का द्वार शरणार्थियों के लिए खोल दिया गया।
बीबीसी की खबर के मुताबिक, खुलने के फौरन बाद स्टेशन के प्लेटफार्म शरणार्थियों से भर गए।
हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबन गुरुवार को देर शाम बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आव्रजकों के मसले पर होने वाली वार्ता में भाग लेने वाले हैं। इससे पहले रेलवे स्टेशन को खोलने का फैसला लिया गया।
बुडापेस्ट के रेलव स्टेशन के बाहर शरणार्थियों का जमावड़ा लगा हुआ है। इनमें से अधिकांश का संबंध हिंसा प्रभावित मध्य पूर्व के देशों से है। ये लोग जर्मनी और आस्ट्रिया जाने वाली रेलगाड़ियों में सवार होने के लिए स्टेशन पर इकट्ठा हुए। हंगरी के अधिकारियों ने मंगलवार से स्टेशन को बंद किया हुआ था।
हंगरी शेनजेन क्षेत्र से संबद्ध है, जिसमें पड़ने वाले 26 यूरोपीय देशों में आवाजाही पर कोई रोक नहीं होती। हंगरी ने कहा है कि इस साल के शुरू से अब तक करीब 150,000 आव्रजक उसके यहां आ चुके हैं।
यूरोप में दाखिल होने वाले आव्रजकों की संख्या ने रिकार्ड तोड़ दिया है। सिर्फ जुलाई माह में यूरोप में 107,500 आव्रजक पहुंचे।
dharmpath.com dharmpath