ग्वाटेमाला, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। ओट्टो पेरेज मोलिना के इस्तीफे के बाद अलजेंड्रो माल्डोनाडो अग्विरे ने ग्वाटेमाला के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वह 14 जनवरी, 2016 तक पेरेज का शेष कार्यकाल पूरा करेंगे और इस रविवार के चुनाव में विजयी होने वाले उम्मीदवार को सत्ता सौंप देंगे।
देश के कस्टम ब्यूरो के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक आपराधिक कृत्य में कथित संलिप्तता के कारण मंगलवार को ग्वाटेमाला की कांग्रेस ने पेरेज को प्रतिरक्षण अधिकार से मुक्त कर दिया, यानी अब उनके खिलाफ कार्रवाई करने का रास्ता साफ हो गया।
पेरेज ने गुरुवार को इस्तीफा दिया और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि राष्ट्रपति और पूर्व उपराष्ट्रपति रोक्साना बलदेत्ती ने मात्र एक वर्ष में 30.7 लाख डॉलर रिश्वत स्वीकार किए।
कथित तौर पर यह रकम कंपनियों को ग्वाटेमाला में बिना सीमा शुल्क दिए सामान आयात करने की छूट देने के एवज में ली गई थी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पेरेज मोलिना और बलदेत्ती 50 प्रतिशत रकम अपने पास रखते थे और शेष सहयोगियों को दी जाती थी।
भ्रष्टाचार के आरोप के बाद रोक्साना बलदेत्ती ने इस्तीफा दे दिया और उसके बाद माल्डोनाडो उपराष्ट्रपति बन गए थे।
dharmpath.com dharmpath