दिल्ली पुस्तक मेला : 7वें दिन प्रकाशकों को मिला सम्मान

नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुस्तक मेले के आयोजक फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स ने शुक्रवार को वर्ष 2015 में सर्वश्रेष्ठ पुस्तक प्रकाशन के लिए प्रकाशकों को सम्मानित किया। यह सम्मान प्रकाशन की नौ श्रेणियों में दिया गया।

जनरल बुक्स-अंग्रेजी के लिए पहला पुरस्कार नई दिल्ली के ओम बुक्स इंटरनेशनल व दूसरा पुरस्कार यहीं के नियोगी बुक्स को मिला। जनरल बुक्स- हिन्दी वर्ग में पहला पुरस्कार ओशियन बुक्स व दूसरा प्रभात प्रकाशन को मिला। जनरल बुक्स- क्षेत्रीय भाषा वर्ग में पहला पुरस्कार नवभारत साहित्य मंदिर, अहमदाबाद व दूसरा पुरस्कार पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला को मिला।

नेशनल बुक टस्ट के चेयरमैन बलदेवभाई शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। दिल्ली पुस्तक मेले के अध्यक्ष डॉ. अशोक गुप्ता जी ने बताया कि पुरस्कार से प्रकाशकों के बीच प्रतिस्पर्धा बनी रहती है। उन्हें और बेहतर पुस्तक प्रकाशन की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रकाशक ही लेखक को उसके पाठक से मिलाता है, प्रकाशक ही अध्यापक की शिक्षा को व्यापक बनाता है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि प्रकाशक समाज का एक अहम अंग है और इसकी भूमिका समाज सुधारक से कम नहीं आंकी जा सकती है।

आज विदेशी सैलानी भी बड़ी संख्या में नजर आए। इंग्लैंड की मारिया ने बताया कि उन्होंने भारतीय प्रकाशन के कई उपन्यास पढ़े हैं। वहीं जर्मनी से आईं जेनिफर ने बताया कि वह तीन वर्ष पहले भी दिल्ली पुस्तक मेले में आई थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति से संबंधित पुस्तकें पसंद हैं। चीनी बुजुर्ग महिला ने पुस्तक मेले से बुद्ध व ओशो की पुस्तकें खरीदी। विदेशी सैलानियों के बच्चों ने भी खरीदारी की।

भारत की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी ने डॉयमंड प्रकाशन की चार योग आधारित पुस्तकों का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि वह आज भी दिन में 16 घंटे काम करती हैं और इसका कारण उन्होंने प्रतिदिन सुबह एक घंटा योग करना बताया। 21वां दिल्ली पुस्तक मेला 6 सितंबर तक चलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493