इस्लामाबाद, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की सामाजिक कार्यकर्ता सबीन महमूद की हत्या के चश्मदीद गवाह और उनके ड्राइवर कांस्टेबल गुलाम अब्बास की कराची शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
समाचारपत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल गुलाम अब्बास (48) की सोमवार रात कोरांगी इलाके में स्थित उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई और फरार हो गए। उन्हें तीन गोली लगी थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने बताया कि दो प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलावरों की पहचान कर ली है और शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर कुछ दिन पहले कांस्टेबल से मिलने आए थे।
उल्लेखनीय है कि सामाजिक मीडिया प्रचारक और मानवाधिकार कार्यकर्ता सबीन महमूद की 24 अप्रैल को उनके द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के समाप्त होने के कुछ मिनट बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
dharmpath.com dharmpath