अबुजा, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। नाइजीरिया की राजधानी में भारत की एक स्वयंसेवी संस्था, भारतीय प्रवासियों और रोटरी क्लब के सहयोग से एक नेत्र अस्पताल खोलेगी। मीडिया की एक रपट से यह जानकारी मिली।
नाइजीरिया के समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ की सोमवार की एक रपट के मुताबिक, प्रवासी भारतीय तथा रोटरी क्लब ऑफ लागोस-पाल्मग्रोव एस्टेट के सहयोग से ‘द इंडो आई केयर फाउंडेशन’ ने लागोस में एक चैरिटेबल नेत्र अस्पताल के निर्माण को लेकर कार्य शुरू कर दिया है।
कुल 27 करोड़ अमेरिकी डॉलर की लागत से निर्मित होने वाले इस अस्पताल में नेत्र प्रत्यारोपण सहित नेत्र से संबंधित बीमारियों का इलाज एवं सर्जरी होगी।
रोटरी क्लब ऑफ लागोस-पाल्मग्रोव एस्टेट्स के पूर्व अध्यक्ष नारनभाई पटेल ने कहा, “नाइजीरिया के लोगों के नेत्र के इलाज के लिए साल 2005 में ‘मिशन फॉर विजन’ नामक एक कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। तब से लेकर अब तक भारत के नेत्र चिकित्सक इस देश के लोगों के नेत्र के इलाज के लिए यहां आते रहे हैं।”
मानवीय कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय प्रवासियों, नाइजीरिया के प्रख्यात लोगों व रोटरी इंटरनेशनल के सहयोग से एक अस्पताल की स्थापना का फैसला लिया गया।
अस्पताल के लिए भूमि मुहैया कराने के लिए पटेल ने लागोस स्टेट गवर्नमेंट व लागोस के राजा रिलवान अरेमू अकियोलू की प्रशंसा की।
अस्पताल के एक साल के अंदर निर्मित हो जाने की संभावना है, जिसमें नेत्र संबंधी रोगों के इलाज के लिए अत्याधुनिक साधन उपलब्ध होंगे।
dharmpath.com dharmpath