विधायक मित्रसेन यादव का सोमवार को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। 11 जुलाई, 1934 में जन्मे मित्रसेन यादव काफी दिनों से अस्वस्थ थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मित्रसेन के अंतिम संस्कार में पहुंचे। फैजाबाद में मित्रसेन के आवास पर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि अब कार्यकर्ता विचार करने के बाद बताएं कि मित्रसेन यादव की स्मृति में स्कूल बनाया जाए या फिर अस्पताल, जो चाहेंगे फैजाबाद में उनके नाम पर वही बनेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि मित्रसेन यादव ने पार्टी को काफी मजबूत करने का काम किया। अपनी अंतिम सांस तक मित्रसेन यादव पार्टी के काम में लगे रहे। वह हमेशा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े तथा दबे-कुचले लोगों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने कई शिक्षण संस्थाओं की स्थापना कर क्षेत्रीय नौजवानों को शिक्षा हासिल करने में मदद की। उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने अपना एक कर्मठ कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय जनता ने एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि खो दिया है।
dharmpath.com dharmpath