गुड़गांव, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। चार चिकित्सकों की एक टीम ने उन दो नेपाली महिलाओं का फिर से चिकित्सकीय परीक्षण किया है जिन्होंने सऊदी अरब के एक राजनयिक और उसके दोस्तों पर दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
गुड़गांव, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। चार चिकित्सकों की एक टीम ने उन दो नेपाली महिलाओं का फिर से चिकित्सकीय परीक्षण किया है जिन्होंने सऊदी अरब के एक राजनयिक और उसके दोस्तों पर दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मामले के जांच अधिकारी के अनुरोध पर चिकित्सकों ने बुधवार को महिलाओं का फिर से चिकित्सकीय परीक्षण किया।
गुड़गांव के पुलिस प्रमुख नवदीप सिंह विर्क का कहना है कि दूसरा परीक्षण पहले वाले चिकित्सकीय परीक्षण की रपट के विस्तार का हिस्सा है। साथ ही कोशिश यह है कि एक चिकित्सक के बजाए चिकित्सकों की एक समिति की राय ली जाए।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय रपट इन मामलों में काफी महत्वपूर्ण साक्ष्य होती हैं और अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने में मददगार भी होती हैं।
गुड़गांव पुलिस ने इस मामले में अब तक की जांच की पूरी रपट गुरुवार को विदेश मंत्रालय को सौंपी।
राजनयिकों को वियना समझौते के तहत मिली छूट को दिमाग में रखते हुए गुड़गांव पुलिस ने विदेश मंत्रालय से इस मामले में मदद करने को कहा है। मंत्रालय ने भी पुलिस को मामले की संवेदनशीलता और अंतर्राष्ट्रीय प्रोटोकाल को ध्यान में रखने को कहा है।
सऊदी दूतावास के आरोपों के संबंध में गुड़गांव पुलिस ने मंत्रालय को बता दिया है कि उसने सभी कार्रवाई भारतीय कानून के दायरे में रहकर की है और किसी राजनयिक समझौते या प्रोटोकाल का उल्लंघन नहीं किया है।
मंगलवार को पुलिस में दी गई शिकायत में दो नेपाली महिलाओं ने सऊदी राजनयिक और उसके दोस्तों पर दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, अप्राकृतिक यौन संबंध का आरोप लगाया है। महिलाओं ने कहा कि चाकू दिखाकर उन्हें डराया जाता था और दुष्कर्म किया जाता था। महिलाओं ने कहा कि उन्हें राजनयिक के हाथों बेचा गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सऊदी राजनयिक की पत्नी और बेटी दोनों महिलाओं को पीटती थीं।
महिलाओं को गुड़गांव स्थित सऊदी राजनयिक के अपार्टमेंट से नेपाली दूतावास और मैतेई नेपाल-इंडिया नाम के स्वयंसेवी संगठन की मदद से छुड़ाया गया था।
विर्क ने गुरुवार को कहा, “मेरा मानना है कि हमने मामले में तेजी से, पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की है। अपनी रपट विदेश मंत्रालय को दे दी है। हम मंत्रालय के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मंत्रालय हमें इस मामले की जांच के संबंध में निर्देश और सलाह देगा। जांच की बातों को अभी बताया नहीं जा सकता क्योंकि मामला संवेदनशील है और दो देशों के संबंध पर असर डाल सकता है।”
गुड़गांव पुलिस ने सऊदी राजनयिक और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
dharmpath.com dharmpath