भोपाल का विश्व हिंदी सम्मेलन भाषा पर केंद्रित : सुषमा

भोपाल, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को विश्व हिंदी सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि अब तक हुए नौ सम्मेलनों के बाद 10वें सम्मेलन का स्वरूप बदला है। यह सम्मेलन भाषा की उन्नति पर केंद्रित है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सम्मेलन को मध्यप्रदेश और भोपाल में आयोजित करने का कारण बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश हिन्दी के लिए समर्पित राज्य है और भोपाल सफल आयोजन करने के लिए विख्यात है।

स्वराज ने विश्व हिन्दी सम्मेलन के आयोजनों की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 32 वर्षो बाद यह भारत में आयोजित हो रहा है। पहला सम्मेलन 1975 में नागपुर में हुआ था। तब से भोपाल के दसवें सम्मेलन तक आयोजन का स्वरूप बदला है। पहले के सम्मेलन साहित्य केंद्रित थे लेकिन दसवां सम्मेलन भाषा की उन्नति पर केन्द्रित है।

उन्होंने कहा कि भाषा की उन्नति के लिए संवर्धन ही नहीं संरक्षण की भी जरूरत पड़ रही है। विचार सत्रों में रिपोर्ट तत्काल लिखी जाएगी और भाग लेने वाले विद्वानों से अनुमोदन भी करवाया जाएगा ताकि समापन सत्र में अनुशंसाएं पढ़ी जाएं और उन पर अमल भी प्रारंभ हो जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मेलन परिणाम देने वाला होगा।

स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हिन्दी बोलने को प्रोत्साहित करने से हर नागरिक गौरव अनुभव करता है। इस सम्मेलन से प्रधानमंत्री के प्रयासों को गति मिलेगी और हिन्दी को अपेक्षित स्थान और सम्मान मिलेगा। सम्मेलन में हिन्दी के विस्तार और संभावनाओं पर आधारित 12 विषय पर चर्चा होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493