भोपाल, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार से सांसद हुकुमदेव नारायण सिंह यादव ने यहां गुरुवार को कहा कि अभी हिंदी को दुनिया की भाषा बनने में वक्त लगेगा, क्योंकि पहले देश में तो हिंदी कामकाज की भाषा बने।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से शुरू हुए विश्व हिंदी सम्मेलन में हिस्सा लेने आए यादव ने आईएएनस से चर्चा करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदी में बोल रहे हैं, इसका असर अफसरों पर भी पड़ेगा और वे हिंदी में काम करेंगे, लेकिन इसमें समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पूरी तरह से हिंदी में काम नहीं हो रहा है, लेकिन इस तरह के आयोजनों से माहौल बनेगा और सरकारी अफसरों पर भी असर पड़ेगा। यह जरूर है कि इसमें समय लगेगा, क्योंकि जो प्रशासन है, सरकारी तंत्र है, जो नौकरशाह है, वह हिंदी बोलना और उसमें काम करने को अपना अपमान समझता है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार ऐसे नौकरशाहों को सुधार पाएगी, तो उनका जवाब था, “नहीं।” उन्होंने साथ में जोड़ा कि सरकार ऐसे लोगों को कानून के जरिए सुधारेगी।
dharmpath.com dharmpath