नई दिल्ली, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अज्ञात व्यक्तियों ने एक 30 वर्षीय व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना गुरुवार को दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “घटना की जानकारी पूर्वाह्न् 10.00 बजे मिली, जब एक राहगीर ने पीड़ित को सफदरजंग एन्क्लेव (दक्षिण दिल्ली) के व्यस्त रिंग रोड पर खून से लथपथ देखा।”
अधिकारी ने बताया, “राहगीरों ने उसे (पीड़ित) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।”
पुलिस ने बताया कि व्यक्ति की पहचान अमित भिरवानी के रूप में हुई है, जो इलाके के पास एक केबल कंपनी में काम करता था और वह फरीदाबाद का रहने वाला था।
पुलिस का कहना है कि व्यक्ति के पास से कोई सामान लापता नहीं है, जो इस बात का संकेत है कि घटना की वजह व्यक्तिगत रंजिश है।
परिजनों ने हालांकि पुलिस को बताया है कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
dharmpath.com dharmpath